CBSE CLASS 12 PREVIOUS YEAR QUETION PAPER
HINDI CORE
हिन्दी (आधार) / HINDI (Core)
निर्धारित समय : 3 घण्टे
अधिकतम अंक : 80
सामान्य निर्देश :
निम्नलिखित निर्देशों को बहुत सावधानी से पढ़िए और उनका सख्ती से अनुपालन कीजिए :
(i) इस प्रश्न-पत्र में प्रश्नों की संख्या 14 है। सभी प्रश्न अनिवार्य हैं।
(ii) इस प्रश्न-पत्र में दो खण्ड हैं- खण्ड अ और ब ।
(iii) खण्ड अ में 40 बहुविकल्पी/वस्तुपरक प्रश्न पूछे गए हैं। दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए सभी प्रश्नों के उत्तर लिखिए ।
(iv) खण्ड ब में वर्णनात्मक प्रश्न पूछे गए हैं, आंतरिक विकल्प भी दिए गए हैं।
(v) प्रश्नों के उत्तर दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए लिखिए।
(vi) यथासंभव सभी प्रश्नों के उत्तर क्रमानुसार लिखिए ।
खण्ड अ
(बहुविकल्पी/वस्तुपरक प्रश्न) — 40 अंक
निम्नलिखित गद्यांश को ध्यानपूर्वक पढ़कर उस पर आधारित प्रश्नों के सर्वाधिक उपयुक्त उत्तर वाले विकल्प चुनकर लिखिए : (10 × 1 = 10)
भारतीय आयुर्वेद के अनुसार औषधीय चाय (हर्बल टी) को वैदिक चाय के तौर पर भी जाना जाता है। यह बेहद स्वादिष्ट और औषधीय गुणों से भरपूर होती है। इसमें पाए जाने वाले पोषक तत्त्व न सिर्फ शरीर में तरल पदार्थों की पूर्ति करते हैं बल्कि यह दूसरी चाय से भी भिन्न होती है। औषधीय चाय पीकर दिनभर की थकान तो दूर होती ही है, साथ ही यह शरीर को किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं पहुँचाती है। बहुत कम लोग जानते हैं कि औषधीय चाय के नियमित सेवन से शरीर की प्रतिरक्षा भी बढ़ाई जा सकती है । शारीरिक प्रतिरक्षा शक्ति मज़बूत होने से शरीर को विभिन्न बीमारियों और संक्रमण से लड़ने में मदद मिलती है। अगर आप लंबे समय से किसी बीमारी से जूझ रहे हैं, तो औषधीय चाय के सेवन से उसके प्रभाव को कम कर सकते हैं। बेहतर स्वास्थ्य के लिए सामान्य चाय की अपेक्षा औषधीय गुणों से भरपूर चाय को ही प्राथमिकता देना बुद्धिमानी बतलाया गया है। इसे पीने से शरीर तो स्वस्थ रहता ही है, दिल और दिमाग भी ताज़गी से भरपूर रहता है।
यह एक प्रकार से आयुर्वेदिक चाय के रूप में भी जानी जाती है और इसमें कैफीन की मात्रा बिलकुल भी नहीं होती है, जबकि दूसरी चाय व कॉफ़ी में कैफीन की अधिक मात्रा होने से शरीर में कई स्वास्थ्य समस्याएँ जन्म ले लेती हैं और धीरे-धीरे शरीर पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने लगता है। औषधीय चाय में ऐसे कई गुण पाए जाते हैं, जिनसे अंदरूनी और बाहरी तौर पर शरीर की सफाई की जा सकती है। शरीर में मौजूद अशुद्धियों को इसके सेवन से काफी हद तक दूर किया जा सकता है। इससे त्वचा का संक्रमण खत्म होता है और त्वचा स्वस्थ भी होती है। अगर नियमित तौर पर हर्बल चाय का सेवन किया जाए, तो मुँहासों की समस्या से भी निजात पाई जा सकती है। यह सोरायसिस और एक्ज़िमा का इलाज करने में भी फायदेमंद है। त्वचा को स्वस्थ बनाए रखने के लिए औषधीय चाय का सेवन किया जा सकता है।
आजकल की व्यस्त और अनियमित जीवन शैली के कारण बहुत से लोग कम उम्र से ही मोटापे का शिकार होने लग जाते हैं। बढ़ते मोटापे के कारण हृदय रोग से लेकर मधुमेह तक कई समस्याएँ हो सकती हैं। वजन घटाने और मोटापा कम करने के लिए इस चाय को काफी लाभदायक माना जाता है। इसमें कुछ ऐसे तत्त्व पाए जाते हैं, जो कैलोरी और वजन को कम करने के लिए मेटाबॉलिज़्म की प्रक्रिया को ठीक करते हैं ।
(i) उपर्युक्त गद्यांश का विषय है :
(A) औषधीय चाय : एक परिचय
(B) औषधीय चाय के प्रकार
(C) औषधीय चाय और सामान्य चाय में अंतर
(D) वर्तमान जीवन में चाय की आवश्यकता
(ii) लोग वर्तमान समय में औषधीय चाय के सेवन की ओर क्यों प्रेरित हो रहे हैं ?
(A) अधिक मुनाफ़ा होने से
(B) चाय का बाज़ार होने से
(C) आवश्यक पेय होने से
(D) स्वास्थ्य के प्रति सचेत होने से
(iii) वैदिक चाय की विशेषता होती है :
(A) प्राकृतिक होना
(B) स्वादिष्ट होना
(C) औषधीय गुणों से युक्त होना
(D) सरलता से उपलब्ध होना
(iv) हर्बल चाय साधारण चाय से भिन्न कैसे है ?
(A) अधिक स्वादिष्ट होने से
(B) कैफीन नहीं होने से
(C) अधिक लाभदायक होने से
(D) शरीर की सफाई करने से
(v) गद्यांश के संदर्भ में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए और सही विकल्प का चयन कीजिए :
कथन I : वैदिक चाय ही 'हर्बल टी' है।
कथन II : इससे प्रतिरक्षा तंत्र मज़बूत होता है।
कथन III : बेहतर स्वास्थ्य के लिए औषधीय चाय को प्राथमिकता देना अनिवार्य है।
कथन IV : इस चाय में स्वाद की कमी होती है।
(A) केवल कथन I सही है।
(B) केवल कथन II और III सही हैं।
(C) केवल कथन I, II, III सही हैं।
(D) केवल कथन I और IV सही हैं।
(vi) निम्नलिखित कथन और कारण को ध्यानपूर्वक पढ़िए और सही विकल्प चुनकर लिखिए :
कथन : वर्तमान समय में जीवन शैली व्यस्त और अनियमित है।
कारण : बहुत से लोग मोटापे के शिकार हो जाते हैं।
विकल्प :
(A) कथन सही है, लेकिन कारण गलत है।
(B) कथन सही नहीं है, लेकिन कारण सही है।
(C) कथन तथा कारण दोनों सही हैं, किंतु कारण कथन की सही व्याख्या नहीं करता है।
(D) कथन तथा कारण दोनों सही हैं और कारण कथन की सही व्याख्या करता है।
(vii) वजन घटाने में हर्बल चाय सहायक होती है क्योंकि :
(A) भूख को कम कर देती है।
(B) कोशिकाओं की मरम्मत होती है।
(C) पाचन तंत्र को मज़बूत बनाती है।
(D) मेटाबॉलिज़्म की प्रक्रिया ठीक करती है।
(viii) गद्यांश के आधार पर हृदय रोग और मधुमेह जैसी समस्याओं का मूल कारण क्या है ?
(A) मोटापे का शिकार होना
(B) अनियमित जीवन शैली होना
(C) भोजन में वसा और चीनी अधिक होना
(D) कसरत और योग का अभाव होना
(ix) शरीर को विभिन्न बीमारियों से बचाया जा सकता है :
(A) शारीरिक श्रम को महत्त्व देकर
(B) रोज हर्बल चाय का सेवन कर
(C) शारीरिक प्रतिरक्षा को विकसित कर
(D) दिल, दिमाग को स्वस्थ रख कर
(x) गद्यांश के अनुसार 'सोरायसिस' और 'एक्ज़िमा' रोग का संबंध शरीर के किस भाग से है?
(A) पेट
(B) मुँह
(C) दिल
(D) त्वचा
निम्नलिखित काव्यांश को ध्यानपूर्वक पढ़कर उस पर आधारित दिए गए प्रश्नों के सर्वाधिक उपयुक्त उत्तर वाले विकल्प चुनकर लिखिए : (5 × 1 = 5)
अँधेरी रात में दीपक जलाए कौन बैठा है ?
उठी ऐसी घटा नभ में
छिपे सब चाँद और तारे,
उठा तूफान वह नभ में
गए बुझ दीप भी सारे,
मगर इस रात में भी लौ लगाए कौन बैठा है ?
अँधेरी रात में दीपक जलाए कौन बैठा है ?
गगन में गर्व से उठ-उठ,
गगन में गर्व से घिर-घिर
गरज कहती घटाएँ हैं,
नहीं होगा उजाला फिर,
मगर चिर ज्योति में निष्ठा जमाए कौन बैठा है ?
अँधेरी रात में दीपक जलाए कौन बैठा है ?
तिमिर के राज का ऐसा
कठिन आतंक छाया है,
उठा जो शीश सकते थे
उन्होंने सिर झुकाया है,
मगर विद्रोह की ज्वाला जलाए कौन बैठा है ?
अँधेरी रात में दीपक जलाए कौन बैठा है ?
प्रलय का सब समाँ बाँधे
प्रलय की रात है छाई,
विनाशक शक्तियों की इस
तिमिर के बीच बन आई,
मगर निर्माण में आशा दृढ़ाए कौन बैठा है ?
अँधेरी रात में दीपक जलाए कौन बैठा है ?
प्रभंजन, मेघ दामिनी ने
न क्या तोड़ा, न क्या फोड़ा,
धरा के और नभ के बीच
कुछ साबित नहीं छोड़ा,
मगर विश्वास को अपने बचाए कौन बैठा है ?
अँधेरी रात में दीपक जलाए कौन बैठा है ?
(i) प्रस्तुत काव्यांश में 'दीपक' प्रतीकार्थ है :
(A) ज्ञान
(B) ज्योति
(C) आशा
(D) शक्ति
(ii) "उठी ऐसी घटा नभ में छिपे सब चाँद और तारे" पंक्ति में 'चाँद और तारों का छिपना' से अभिप्राय है :
(A) कोई मार्ग समझ में न आना
(B) विपरीत परिस्थितियों का घिर आना
(C) प्रकाश के साधनों का लुप्त हो जाना
(D) सहायक साधनों/व्यक्तियों का न होना
(iii) "तिमिर के राज का ऐसा कठिन आतंक छाया है" पंक्ति में 'तिमिर के राज' का आशय है :
(A) अँधेरे का साम्राज्य
(B) प्राकृतिक आपदाएँ
(C) आततायी शासक
(D) सत्ताधारी वर्ग
(iv) विनाशक शक्तियाँ जब सक्रिय हो जाती हैं तब :
कथन I : चारों ओर आतंक का राज रहता है।
कथन II : भय का वातावरण रहता है।
कथन III : अमन-चैन का साम्राज्य रहता है।
उपर्युक्त कथन के संदर्भ में निम्नलिखित में से कौन-सा विकल्प सही है ?
(A) केवल कथन I और II सही हैं।
(B) केवल कथन I और III सही हैं।
(C) केवल कथन II और III सही हैं।
(D) कथन I, II और III सही हैं।
(v) स्तंभ-I को स्तंभ-II से सुमेलित कीजिए और सही विकल्प चुनकर लिखिए :
स्तंभ-I:
तिमिर
समाँ
दामिनी
धरा
स्तंभ-II:
(i) बिजली
(ii) धरती
(iii) दृश्य
(iv) अँधेरा
विकल्प :
(A) 1-(ii), 2-(iii), 3-(iv), 4-(i)
(B) 1-(iii), 2-(i), 3-(ii), 4-(iv)
(C) 1-(i), 2-(ii), 3-(iv), 4-(iii)
(D) 1-(iv), 2-(iii), 3-(i), 4-(ii)
(अभिव्यक्ति और माध्यम पुस्तक पर आधारित प्रश्न)
निम्नलिखित प्रश्नों को ध्यानपूर्वक पढ़कर सर्वाधिक उपयुक्त उत्तर वाले विकल्प चुनकर लिखिए : (5 × 1 = 5)
(i) मुद्रित माध्यमों में लोकप्रिय लेखकों के लेखों की नियमित श्रृंखला कही जाती है :
(A) स्तंभ लेखन
(B) समाचार लेखन
(C) सूचना लेखन
(D) सृजनात्मक लेखन
(ii) आर्थिक पत्रकारिता से जुड़े पत्रकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती है :
(A) इस क्षेत्र से जुड़ी तकनीकी शब्दावली को समझना
(B) इस क्षेत्र से जुड़ी तकनीकी शब्दावली का प्रयोग करना
(C) देश की अर्थव्यवस्था का ठीक से विश्लेषण करना
(D) इस क्षेत्र से जुड़ी शब्दावली को पाठक वर्ग के समझने लायक बनाना
(iii) पत्रकार कितने प्रकार के होते हैं ?
(A) एक
(B) दो
(C) तीन
(D) चार
(iv) पत्रकारिता का मूल तत्त्व है :
(A) सूचना देना
(B) प्रेरणा देना
(C) ख़बर छापना
(D) मनोरंजन करना
(v) संचार प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा कहलाती है :
(A) बाधा
(B) शोर
(C) अवरोध
(D) रुकावट
(पाठ्यपुस्तक पर आधारित प्रश्न)
निम्नलिखित काव्यांश को ध्यानपूर्वक पढ़कर उस पर आधारित दिए गए प्रश्नों के सर्वाधिक उपयुक्त उत्तर वाले विकल्प चुनकर लिखिए : (5 × 1 = 5)
मैं जग-जीवन का भार लिए फिरता हूँ,
फिर भी जीवन में प्यार लिए फिरता हूँ;
कर दिया किसी ने झंकृत जिनको छूकर
मैं साँसों के दो तार लिए फिरता हूँ !
मैं स्नेह-सुरा का पान किया करता हूँ,
मैं कभी न जग का ध्यान किया करता हूँ
जग पूछ रहा उनको, जो जग की गाते,
मैं अपने मन का गान किया करता हूँ !
(i) 'जग-जीवन का भार' से क्या आशय है ?
(A) व्यक्तिगत जीवन की कठिनाइयाँ
(B) सांसारिक जीवन की समस्याएँ
(C) व्यावहारिक जीवन का संघर्ष
(D) आम जीवन की जद्दोजहद
(ii) कवि सांसारिक प्रेम का आधार किसे मानता है ?
(A) त्याग
(B) स्वार्थ
(C) सहयोग
(D) प्रशंसा
(iii) 'साँसों के तार' से कवि का क्या तात्पर्य है?
(A) प्रेम
(B) संवेदना
(C) चाहत
(D) समर्पण
(iv) प्रस्तुत काव्यांश से कवि के बारे में पता चलता है कि :
कथन I : कवि संवेदनशील है।
कथन II : प्रेम ही कवि के लिए प्रमुख है।
कथन III : प्रेम के सामने संसार का महत्त्व नहीं है।
उपर्युक्त कथनों में से कौन-सा/से कथन सही है/हैं ?
(A) कथन I और III सही हैं।
(B) कथन I ग़लत है और कथन II, III सही हैं।
(C) कथन I, II और III सही हैं।
(D) कथन I और II सही हैं।
(v) निम्नलिखित कथन और कारण को ध्यानपूर्वक पढ़िए और सही विकल्प चुनकर लिखिए :
कथन : संसार से निरपेक्ष रहने वाला कवि जग-जीवन का भार लिए फिरता है।
कारण : दुनिया अपने व्यंग्य बाणों से और शासन-प्रशासन से चाहे कितना कष्ट दे, पर दुनिया से कटकर मनुष्य रह भी नहीं पाता।
विकल्प :
(A) कथन सही है, किंतु कारण ग़लत है।
(B) कथन ग़लत है, किंतु कारण सही है।
(C) कथन तथा कारण दोनों सही हैं, किंतु कारण, कथन की सही व्याख्या नहीं करता है।
(D) कथन तथा कारण दोनों सही हैं और कारण, कथन की सही व्याख्या करता है।
निम्नलिखित पठित गद्यांश को ध्यानपूर्वक पढ़कर उस पर आधारित दिए गए प्रश्नों के सर्वाधिक उपयुक्त उत्तर वाले विकल्प चुनकर लिखिए : (5 × 1 = 5)
एक-एक बार मुझे मालूम होता है कि यह शिरीष एक अद्भुत अवधूत है। दुःख हो या सुख, वह हार नहीं मानता। न ऊधो का लेना, न माधो का देना। जब धरती और आसमान जलते रहते हैं, तब भी यह हज़रत न जाने कहाँ से अपना रस खींचते रहते हैं। मौज में आठों याम मस्त रहते हैं। एक वनस्पतिशास्त्री ने मुझे बताया है कि यह उस श्रेणी का पेड़ है, जो वायुमंडल से अपना रस खींचता है। ज़रूर खींचता होगा। नहीं तो भयंकर लू के समय इतने कोमल तंतुजाल और ऐसे सुकुमार केसर को कैसे उगा सकता था ? अवधूतों के मुँह से ही संसार की सबसे सरस रचनाएँ निकली हैं। कबीर बहुत-कुछ इस शिरीष के समान ही थे, मस्त और बेपरवा, पर सरस और मादक ।
(i) गद्यांश का केन्द्रीय भाव है :
(A) कबीर का परिचय
(B) शिरीष की विशेषता
(C) शिरीष की उपयोगिता
(D) शिरीष का प्रभाव
(ii) शिरीष को अद्भुत कहा गया है :
(A) हँसते मुस्कुराते रहने के कारण
(B) कठिनाइयों में अडिग रहने के कारण
(C) दुःख-सुख में सम भाव से रहने के कारण
(D) भयंकर गरमी को झेलने के कारण
(iii) निम्नलिखित कथनों पर विचार करते हुए गद्यांश के अनुसार सही कथन को चयनित कर लिखिए।
(A) शिरीष वायुमंडल से भोग्य पदार्थ ग्रहण करता है।
(B) शिरीष एक हरा-भरा पौधा है।
(C) शिरीष पाताल की गहराइयों से रस प्राप्त करता है।
(D) शिरीष वनस्पतिशास्त्री का प्रिय पौधा है।
(iv) "न ऊधो का लेना, न माधो का देना" का आशय है :
(A) सदैव प्रसन्न रहना
(B) क्रय-विक्रय न करना
(C) लेन-देन का कार्य न करना
(D) निर्लिप्त भाव से जीवन जीना
(v) “मौज में आठो याम मस्त रहते हैं”– पंक्ति में प्रयुक्त 'याम' शब्द से आप क्या समझते हैं ?
(A) मिनट
(B) घंटा
(C) दिन
(D) पहर
(पूरक पाठ्यपुस्तक पर आधारित प्रश्न)
निम्नलिखित प्रश्नों को ध्यानपूर्वक पढ़कर सर्वाधिक उपयुक्त उत्तर वाले विकल्प चुनकर लिखिए : (10 × 1 = 10)
(i) घर में दावत चलते समय यशोधर बाबू संध्या करने क्यों चले गए ?
(A) प्रभु का आशीर्वाद लेने के लिए
(B) शोर-शराबे से बचने के लिए
(C) प्रभु का धन्यवाद व्यक्त करने के लिए
(D) पार्टी से बचने के लिए
(ii) सिन्धु का इलाका किससे मिलता-जुलता है ?
(A) बाड़मेर से
(B) राजस्थान से
(C) जैसलमेर से
(D) बीकानेर से
(iii) बसंत पाटील को लेखक द्वारा मित्र बनाए जाने का कारण नहीं है :
(A) वह मेधावी था
(B) उसका शांत स्वभाव था
(C) वह कक्षा का मॉनिटर था
(D) वह बड़ी जाति से था
(iv) कुंड में पानी के प्रबंध हेतु किसकी व्यवस्था थी ?
(A) नहर की
(B) तालाब की
(C) कुएँ की
(D) नदियों की
(v) दफ़्तर से निकलकर यशोधर बाबू कहाँ चले जाते थे ?
(A) क्वार्टर में
(B) बिरला मंदिर में
(C) गोल मार्केट में
(D) पार्क में
(vi) 'जूझ' कहानी का नायक आनंदा कक्षा में चह्वाण के लड़के द्वारा गमछा छीने जाने पर रुआँसा क्यों हो गया ?
(A) गमछे के फट जाने के कारण
(B) कक्षा के छात्रों के हँसने के कारण
(C) गमछा फट जाने के संभावित भय के कारण
(D) पिता द्वारा की जाने वाली संभावित पिटाई के कारण
(vii) छोटे टीलों पर बनी बस्ती को क्या कहकर पुकारा जाता था ?
(A) नीचे क्षेत्र
(B) नीचा घर
(C) नीचा नगर
(D) पुराना घर
(viii) लेखक के पिता गाँव में सबसे पहले कोल्हू क्यों चलाते थे ?
(A) काम खत्म करने के लिए
(B) पैसा बचाने के लिए
(C) बच्चे पर शासन के लिए
(D) ईख की अच्छी कीमत के लिए
(ix) मूल संस्कारों से आधुनिका न होते हुए यशोधर बाबू की पत्नी के आधुनिका बनने का कारण इनमें से नहीं है :
(A) बच्चों का पढ़-लिखकर ऊँचा वेतनमान पाना
(B) संयुक्त परिवार में पति द्वारा कभी पक्ष न लिया जाना
(C) बच्चों की तरफदारी करने की मातृसुलभ मजबूरी
(D) संयुक्त परिवार में आचार-व्यवहार के बंधनों में रहना
(x) यशोधर बाबू चाहते थे कि उनके बच्चे :
(A) दफ़्तर पैदल जाएँ
(B) पैसा खर्च करें
(C) उनसे पूछ कर काम करें
(D) अपना निर्णय स्वयं लें
खण्ड ब
(वर्णनात्मक प्रश्न) — 40 अंक
(जनसंचार और सृजनात्मक लेखन पर आधारित प्रश्न)
निम्नलिखित तीन विषयों में से किसी एक विषय पर लगभग 120 शब्दों में रचनात्मक लेख लिखिए : (6 अंक)
(क) जी-20 शिखर सम्मेलन 2023
(ख) अंतरिक्ष में भारत के बढ़ते कदम
(ग) पोषक अनाज स्वास्थ्य का खजाना
निम्नलिखित प्रश्नों को ध्यानपूर्वक पढ़कर लगभग 40 शब्दों में निर्देशानुसार उत्तर लिखिए : (2 × 2 = 4)
(i) (क) कहानी का नाट्य रूपांतरण करते समय पात्रों के मनोभावों को, द्वंद्वों को किस प्रकार प्रस्तुत किया जा सकता है ?
अथवा
(ख) 'लक्ष्मण-मूर्च्छा और राम का विलाप' पाठ के आधार पर रावण और कुंभकरण के बीच हुए संवाद को दृश्य के रूप में प्रस्तुत कीजिए।
(ii) (क) रेडियो नाटक की तुलना में सिनेमा और रंगमंच की लोकप्रियता का क्या कारण है ?
अथवा
(ख) अप्रत्याशित लेखन में किन बातों का ध्यान रखा जाता है ?
निम्नलिखित तीन प्रश्नों को ध्यानपूर्वक पढ़कर किन्हीं दो प्रश्नों के उत्तर लगभग 60 शब्दों में लिखिए : (2 × 3 = 6)
(क) 'जनसंचार के विभिन्न माध्यमों के बीच अंतर चाहे जितना हो लेकिन वे एक-दूसरे के पूरक और सहयोगी हैं, प्रतिद्वंदी नहीं।' सिद्ध कीजिए।
(ख) प्रिंट माध्यम की विशेषताओं पर प्रकाश डालिए।
(ग) क्या पत्रकारिता को जल्दी में लिखा गया साहित्य माना जा सकता है ? तर्कपूर्ण उत्तर दीजिए ।
(पाठ्यपुस्तक पर आधारित प्रश्न)
काव्य खंड पर आधारित निम्नलिखित तीन प्रश्नों को ध्यानपूर्वक पढ़कर किन्हीं दो प्रश्नों के उत्तर लगभग 60 शब्दों में लिखिए : (2 × 3 = 6)
(क) 'पतंग' कविता का प्रतिपाद्य स्पष्ट कीजिए।
(ख) भाषा को सहूलियत से बरतने से क्या अभिप्राय है ?
(ग) छोटे चौकोने खेत को काग़ज़ का पन्ना कहने में क्या अर्थ निहित है ?
काव्य खंड पर आधारित निम्नलिखित तीन प्रश्नों को ध्यानपूर्वक पढ़कर किन्हीं दो प्रश्नों के उत्तर लगभग 40 शब्दों में लिखिए : (2 × 2 = 4)
(क) 'कवितावली' के छंद के आधार पर लिखिए कि पेट की आग से क्या तात्पर्य है। उसकी तुलना 'बड़वाग्नि' से क्यों की गई है ?
(ख) 'कैमरे में बंद अपाहिज' कविता से उद्धृत पंक्ति "हम पूछ-पूछकर उसको रुला देंगे” में कैसा भाव निहित है ? इस कथन से मीडियाकर्मियों के विषय में क्या पता चलता है ?
(ग) 'तिरती है समीर-सागर पर / अस्थिर सुख पर दुख की छाया' – 'बादल राग' कविता की इस पंक्ति का भाव स्पष्ट कीजिए।
गद्य खंड पर आधारित निम्नलिखित तीन प्रश्नों को ध्यानपूर्वक पढ़कर किन्हीं दो प्रश्नों के उत्तर लगभग 60 शब्दों में लिखिए : (2 × 3 = 6)
(क) 'जीवन में प्रायः सभी को अपने-अपने नाम का विरोधाभास लेकर जीना पड़ता है'- अपने आसपास से उदाहरण देकर 'भक्तिन' पाठ के इस कथन के पक्ष में तर्क प्रस्तुत कीजिए ।
(ख) 'बाज़ार-दर्शन' के आधार पर 'बाज़ार का जादू चढ़ने और उतरने' का आशय स्पष्ट कीजिए ।
(ग) लुट्टन पहलवान ने ऐसा क्यों कहा होगा कि मेरा गुरु कोई पहलवान नहीं, यही ढोल है ?
गद्य खंड पर आधारित निम्नलिखित तीन प्रश्नों को ध्यानपूर्वक पढ़कर किन्हीं दो प्रश्नों के उत्तर लगभग 40 शब्दों में लिखिए : (2 × 2 = 4)
(क) 'श्रम विभाजन और जाति प्रथा' पाठ के आधार पर श्रम विभाजन और श्रमिक विभाजन में अंतर स्पष्ट कीजिए।
(ख) 'काले मेघा पानी दे' पाठ में जीजी किसान के उदाहरण द्वारा क्या सिद्ध करना चाहती है ?
(ग) बाज़ार जाते समय हमें किन बातों का ध्यान रखना चाहिए, जिससे बाज़ार के जादू से बचा जा सके ? 'बाज़ार-दर्शन' पाठ के संदर्भ में लिखिए।
(पूरक पाठ्यपुस्तक पर आधारित प्रश्न)
निम्नलिखित तीन प्रश्नों को ध्यानपूर्वक पढ़कर किन्हीं दो प्रश्नों के उत्तर लगभग 40 शब्दों में लिखिए : (2 × 2 = 4)
(क) 'सिल्वर वैडिंग' कहानी की मुख्य समस्या पर विचार कीजिए।
(ख) 'जूझ' कहानी के लेखक का संघर्ष हमारे लिए प्रेरणादायक है, कैसे ?
(ग) सिंधु सभ्यता को लघुता में भी महत्ता का अनुभव करने वाली संस्कृति कहे जाने का क्या आधार है ?
HINDI CORE CBSE CLASS 12 PREVIOUS YEAR QUESTION PAPER FREE PDF DOWNLOAD LINK
GEOGRPHY QUESTION PAPER CBSE CLASS 12
ECONOMICS PREVIOUS YEAR QUESTION PAPER CBSE
CHEMISTRY QUESTION PAPER CBSE CLASS 12